मिर्जापुर। जिले में नकली तेल बनाए जाने की सूचना पर संबंधित कंपनी की लीगल टीम ने बुधवार को देर शाम कटरा कोतवाली पुलिस के साथ कई दुकानों में दबिश देकर जांच की। जांच के बाद कई दुकानदारों पर कार्रवाई की तैयारी है।
जिले में सरसों का नकली तेल लंबे समय से बनाया जा रहा है। आठ साल पहले भी नकली तेल बनाए जाने की सूचना पर एक गोदाम में दबिश देकर काफी मात्रा में नकली तेल बरामद किया गया था। कुछ समय बाद फिर से नकली तेल बनाने वाले सक्रिय हो गए। जिले में कई ब्रांड के नकली तेल बनाए जा रहे हैं। एक बड़े औद्योगिक ग्रुप को जानकारी मिली कि मिर्जापुर जिले में उसकी कंपनी के ब्रांड का नकली तेल बनाया जा रहा है। इसके बाद कोलकाता से कंपनी की लीगल टीम जिले में आई। टीम ने कटरा कोतवाली पुलिस के साथ कई दुकानों और तेल के गोदाम में जाकर जांच की और नमूने लिए। जांच में तेल नकली पाए जाने पर लीगल टीम कटरा कोतवाली पुलिस के साथ दबिश दे रही है। जांच खबर लिखे जाने तक जारी रही। नकली तेल बनाए जाने के मामले में छानबीन के बाद कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी संभव है। कटरा कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि एक बड़े औद्योगिक ग्रुप के ब्रांड का नकली तेल बनाए जाने की सूचना पर कंपनी की लीगल टीम आई है। पुलिस के साथ टीम छानबीन कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।