मिर्जापुर। सदर तहसील की टीम ने मंगलवार को बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की। पांच बकाएदारों को गिरफ्तार कर तहसील लाया गया। सभी ने अपने बकाए का कुछ रुपया जमा किया तो उनको छोड़ दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि एक सप्ताह के अंदर बकाए राशि जमा कर दें, अन्यथा दोबारा पकड़कर लाया जाएगा। नायब तहसीलदार ने बताया कि नगर के बिसुंदरपुर गांव निवासी वरूण कुमार यादव के यहां सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का छह लाख 73 हजार बकाया चल रहा है। इनसे 38 हजार 500 रुपये वसूल किया गया। राजनाथ पुत्र खदेरू पर आयार्वत बैंक का 13 लाख रुपये बकाया है। इनसे 70 हजार रुपये नगद के साथ दो लाख 70 हजार रुपये का चेक भी लिया गया। शिवम सिंह पुत्र अशांक सिंह जगतपुरी कॉलोनी के यहां दो लाख 41 हजार रुपये बिजली विभाग का बकाया है। इन्होंने 30 हजार रुपये जमा किया है। इसी प्रकार राधेश्याम मौर्या पुत्र रामनरायन निवासी रूखड़घाट के यहां भी बिजली विभाग दो लाख 62 हजार रुपये बकाया था। इन्होंने भी 30 हजार रुपये जमा किया है। राकेश पुत्र सिपाही लाल निवासी समोगरा के यहां ग्राम सभा का 19 हजार रुपये हर्जाना बकाया है। इन्होंने दो हजार रुपया दिया है। शेष धनराशि जमा करने के लिए एक सप्ताह समय मांगा गया है। प्रभारी एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह के निर्देशन में तहसीलदार सदर सुनील कुमार, नायब तहसीलदार सुप्रिया चतुर्वेदी, अमीन सूरज सोनकर, हरेंद्र दुबे, विजय शंकर दुबे, प्रदीप कुमार, राकेश सोनकर, शिवकुमार चौरसिया आदि शामिल रहे।