पटेहरा। हलिया थाना क्षेत्र के सुसुआड पुल से नीचे गिरकर घायल संतनगर थाना क्षेत्र के अमोई पुरवा गांव निवासी युवक की सोमवार को रात में ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में पुल से नीचे गिरा पड़ा मिलने पर परिजनों हत्या की आशंका जताई।
संतनगर थाना क्षेत्र के अमोई पुरवा गांव के टउआ मौजा निवासी अक्षय (20) अपनी भाभी तनुजा को बीते 24 अगस्त को बाइक से सुबह 10 बजे लालगंज थाना क्षेत्र के गड़बड़ गांव निवासी भाई के साढ़ू पप्पू कोल के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद अक्षय, पप्पू कोल व भाभी तनूजा के साथ भाई के ससुराल काजू कोल के घर पहुंच गए। जहां से रात आठ बजे अकेले घर के लिए निकले। दूसरे दिन 25 अगस्त को हलिया थाना क्षेत्र के सुसुआड नाले के पुल के नीचे अचेत अवस्था में पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने पुल के नीचे से उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। पहचान कराकरक पुलिस ने बड़े भाई मंगला व उनके ससुराल वालों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल के लोग अस्पताल पहुंच गए। जहां से अक्षय को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले गए। जहां इलाज के दौरान सोमवार की रात अक्षय की मौत हो गई।
अक्षय की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। अक्षय की मां रेखा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। उनके बड़े भाई के साले संतोष ने हत्या की नियत से पुल के नीचे फेंके जाने की आशंका जताई। अक्षय पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। बड़े भाई मंगला की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राम नारायण सरोज ने बताया कि दुर्घटना में घायल होकर युवक पुल के नीचे गिर गया था। घायल की इलाज के दौरान सोमवार की रात मौत हो गई।