जिगना। थाना क्षेत्र के गौरा के छतरीपुर मजरा स्थित जल निगम की पानी की टंकी पर काम करने वाला ऑपरेटर सोमवार को शाम को घर लौटते समय खाले के डेरा नामक स्थान पर साइकिल से गिरकर घायल हो गया। परिजन निजी अस्पताल में उपचार के बाद घर ले आए। इस बीच रात में उसकी मौत हो गई।
ग्राम पंचायत गौरा के परमानपुर मजरा निवासी सुरेश कुमार यादव (42) छतरीपुर मजरा स्थित जल निगम की पानी टंकी पर अस्थायी रूप से ऑपरेटर का काम करते थे। सोमवार को शाम को पानी की टंकी से वे साइकिल से परमानपुर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में खाले के डेरा नामक स्थान पर गिरकर घायल हो गए। सड़क पर गिरे होने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाकर इलाज कराया। उसके बाद परिजन उन्हें लेकर घर आए। घर पहुंचने पर देर रात सुरेश कुमार यादव की मौत हो गई। सुरेश दो भाइयों में बड़े थे। उनसे एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है। अब पिता की भी मौत होने से बच्चे अनाथ हो गए। भाई सूर्यलाल यादव की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष निरीक्षक चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि सुरेश के भाई के तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।