जिगना। थाना क्षेत्र के जिगना ओवरब्रिज के पास सड़क दुर्घटना में घायल युवक की सोमवार को इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जिगना ओवरब्रिज के पास तीन दिसंबर की शाम मांडा रोड से गैपुरा की तरफ जा रही कार ने बाइक सवार शिव कुमार उर्फ जोगेंद्र ( 28) निवासी नरोइया जुड़ावनपुर को टक्कर मार दी थी। इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिगना पुलिस ने उसे पीएचसी सर्रोई भेजा। जहां से उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। मंडलीय अस्पताल से ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया था। परिजनों ने उसे वाराणसी के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। घायल की मौत की खबर आने पर मां सुशीला देवी, पत्नी प्रीतम देवी बेसुध हो गईं। जोगेंद्र को दो बच्चों में आठ वर्षीय प्रवीण व पांच वर्षीय रितिक हैं। वह मजदूरी कर जीविकोपार्जन करता था।