शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधूरे विकास कार्य हाल हाल में पूरा कराए जाएं।
ये बातें संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चंद्र मिश्र ने बृहस्पतिवार को सिटी ब्लॉक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। उन्होंने ग्राम पंचायतवार विकास कार्यों की समीक्षा की। वर्ष 2021 में अपूर्ण 131 आवासों को एक सप्ताह के अंदर पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही 111 आवासों की दूसरी किश्त जारी करने की हिदायत भी दी। मनरेगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए गांवों में शत प्रतिशत मानव दिवस सृजित किए जाने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायतवार समीक्षा बैठक में सिटी विकास खंड के सभी गांवों में बृहस्पतिवार को मनरेगा के तहत कार्य जारी मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। खंड विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों पर नजर रखने को कहा। संयुक्त विकास आयुक्त ने कन्या सुमंगला योजना के अवशेष एक दर्जन मामलों को समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया। इसी तरह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए समूहों के गठन, सीसीएल कराए जाने व बैंक लिंकेज कराए जाने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में बीडीओ सिटी दिनेश कुमार मिश्र, एडीओ पंचायत प्रदीप सिंह समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।