मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने आकांक्षात्मक विकास खंडों में कराये जाने वाले कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर प्रगति कर रैंकिंग में सुधार लाने का निर्देश दिया।
शासन स्तर से प्रदेश 34 जिलों के 100 विकास खंडों को आकांक्षात्मक विकास खंड के रूप में चयन किया गया है। इसमें जिले के पांच विकास खंड हलिया, राजगढ़, पटेहरा कला, पहाड़ी एवं सिटी शामिल हैं। हलिया व पटेहरा कला का चयन केंद्र सरकार की नीति आयोग द्वारा 500 आकांक्षात्मक विकास खंडों के तहत भी चयन किया गया है। इन विकास खंडो का अनुश्रवण करने के लिए शासनस्तर से कुल पांच बिंदुओं पोषण एवं चिकित्सा, शिक्षा, कृषि एवं जल संशाधन, वित्तीय समायोजन एवं कौशल विकास तथा आधारभूत अवसंरचना के कुल 75 इंडीकेटर निर्धारित किये गये हैं। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विकास खंड सिटी को 77, पहाड़ी को 82, राजगढ़ को 83, हलिया को 89, पटेहरा कला को 90वीं रैंक प्राप्त हुई है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को सभी इंडीकेटर में प्रगति कर प्रदेश में आकांक्षात्मक विकास खंडों के जारी रैंक में जिले की स्थिति में सुधार लाने का निर्देश दिया।
बैठक में हलिया के चिकित्साधिकारी को अपने तैनाती स्थल पर ही रहने का उन्होंने निर्देश दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रधानों और पंचायत सचिवों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण कार्यक्रम में जागरूकता लाकर सुधार लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय प्रताप सिंह, उपायुक्त मनरेगा मो. नफीस व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।