मड़िहान। तहसील क्षेत्र के गोरथरा गांव में चरागाह की सुरक्षित भूमि पर रोक के बावजूद कब्जा करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहसील प्रशासन के आदेश पर मड़िहान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हल्का लेखपाल भरत प्रसाद ने बताया कि गोरथरा गांव स्थित चरागाह की भूमि पर कमलेश कुमार द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है। क्षेत्रीय पटवारी ने इसकी सूचना एसडीएम व तहसीलदार को दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में लेखपाल की शिकायत सही मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया। लेखपाल की तहरीर पर आरोपी कमलेश कुमार के खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।