लालगंज। मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत हुई शादी के बाद दुल्हन दूल्हे के यहां जाने को तैयार नहीं है। इससे परेशान होकर दूल्हे ने संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दुल्हन की विदाई की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि घर वाले दुल्हन की विदाई नहीं करना चाहते हों तो उसका सामान ही वापस करा दिया जाय।
विकास खंड के एक गांव निवासी दूल्हे ने मुख्यमंत्री विवाह समारोह में सिंदूर दान किया था। योजना के तहत दोनों की शादी समारोह के दौरान हुई थी। विवाह होने के बाद दुल्हन को जो सामान मिला था, वह उसे लेकर मायके चली गई थी। उस दौरान दोनों पक्ष के लोग बहुत ही प्रसन्न थे, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, विदाई को लेकर दुल्हन के पक्ष के लोगों की रुचि बहानों में बदलती गई। इससे परेशान होकर दूल्हे ने संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्यमंत्री विवाह समारोह के दौरान शिकायती पत्र देकर मिले सामान वापस लेने की मांग की। शिकायती पत्र में उसने दुल्हन की विदाई कराने की मांग की। साथ ही विदाई न होने की स्थिति में सामान वापस दिलाने की मांग भी की है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच खंड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव को दी है।