मिर्जापुर। खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में शुक्रवार को 12 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम चौपाल में किसानों की समस्याएं सुनी गईं। चौपाल में राशन कार्ड से नाम कटने, आवास, शौचालय और खराब रास्ते के मुद्दे छाए रहे। खंड विकास अधिकारी सिटी शरद कुमार सिंह की अध्यक्षता में अघौली और जिउती में ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने अपने-अपने मुद्दे उठाए। ग्राम प्रधान अघौली दीपक बिंद ने राशन कार्ड से गायब यूनिट को प्रमुखता से रखा। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जिउती में ग्राम प्रधान राकेश कुमार बिंद की अध्यक्षता में एडीओ आईएसबी इंद्रजीत कुमार सिंह ने ग्रामीणों की फरियाद सुना। ग्रामीणों ने आवास, शौचालय और रास्ते के मुद्दे उठाए। जिगना, विकास खंड छानबे के ग्राम पंचायत दुगौली व बौताविशेषर में खंड विकास अधिकारी मुनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी ने शौचालय, आवास, हैंडपंप, पेंशन सहित अन्य योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिया। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण प्रेमचंद पटेल, एडीओ कृषि दयाराम चौकसे ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्राम प्रधान अंकिता पांडेय, अखिलेंद्रराज, प्रकाश दिनेश कुमार व प्रकाशचंद्र दुबे आदि रहे। जमालपुर, भभौरा एवं भाईपुर खुर्द में आयोतित ग्राम चौपाल में भभौरा में सहायक खंड विकास अधिकारी आई एस बी मुकेश शर्मा और भाईपुर खुर्द में एडीओ समाज कल्याण रामाकांत मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
चौपाल में विधवा, वृद्धा, एवं दिव्यांग पेंशन सहित राशन कार्ड बनाये जाने की ग्रामीणों ने मांग किया। ग्राम प्रधान राधेमोहन सिंह, बिहारी बियार संतोष मिश्रा आदि रहे। ड्रमंडगंज, पटेहरा में आयोजित ग्राम चौपाल में ब्लाक से किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर ग्राम सचिव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। वहीं लालापुर एडीओ कोआपरेटिव धर्मेंद्र निषाद, सचिव राजेंद्र प्रसाद बिंद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। लालगंज विकासखंड के तुर्कहां गांव में आयोजित चौपाल में सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय शंकर एवं एडीओ एजी संजय पटेल ने लोगों की फरियाद सुनी। ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान मूलचंद पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।