मिर्जापुर। पत्नी से अवैध संबंध के शक में दोस्तों ने ही होमगार्ड के पुत्र की ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पत्थर का टुकड़ा बरामद किया है।
यह जानकारी एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अहरौरा थाना क्षेत्र के एकली गांव निवासी होमगार्ड अमरेश चंद्र के पुत्र विकास चंद्र (20) मंगलवार की रात घर से सोनपुर स्थित आटा चक्की पर गया था, परंतु घर नहीं लौटा। सोनपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास थोड़ी दूर पर बुधवार को सुबह उसका शव मिला। इसके बाद पुलिस हत्या के मामले की छानबीन में जुट गई। उन्होंने बताया कि विकास के पिता अमरेश चंद्र ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने शुक्रवार को सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी ललित बैगा निवासी बनरदेवा थाना घोरावल सोनभद्र को कुदारन चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पत्थर का टुकड़ा बरामद किया गया।
एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि विजय के घर के पास ललित बैगा और निरहू आदि दावत किए थे। वहां ललित बैगा की पत्नी ही मीट आदि बना रही थी। वहां विकास पहुंचा तो विजय ने ललित को बताया कि विकास उसकी पत्नी का पीछा करता है। इसके बाद सभी ने शराब पी। ललिल ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में विजय और निरहू के साथ मिलकर विकास की पत्थर से सिर कूंचकर हत्या कर दी। विकास के पिता ने जिन तीन आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसमें विजय और निरहू भी थे। इन दोनों की तलाशी की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।