मिर्जापुर। होमगार्डों को प्रशिक्षण देने के लिए विंध्याचल के पर्सिया में बृहद प्रशिक्षण केंद्र बनाने की तैयारी है। यहां मंडल के सभी तीन जिलों मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र के होमगार्डाें काे प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। प्रशक्षण केंद्र के निर्माण के लिए 3.3 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई है। विभाग के नाम से जमीन का आवंटन हो गया है और वहां बोर्ड भी लगा दिया गया है।
जिले की सुरक्षा व्यवस्था में होमगार्ड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। इन होमगार्डों को पहले ही अपेक्षा अब बेहतर प्रशिक्षण देने की तैयारी है। जिले में लंबे समय से प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण की मांग की जा रही थी। अब प्रशिक्षण केंद्र के लिए जिला प्रशासन से जमीन मिल गई है। होमगार्ड के कमांडेंट बीके सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र के लिए जरूरी पत्राचार किया जा रहा है। जल्दी ही केंद्र का निर्माण शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां मंडल के सभी तीन जिलों मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के होमगार्डाें को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही यहीं पर अधिकारियों का आवासीय परिसर भी होगा। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर जिले में 25 महिलाओं समेत 1177 होमगार्ड तैनात हैं।