विंध्याचल। क्षेत्र के मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे मार्ग पर स्थित बड़े बगीचा गांव के तिराहे पर सोमवार की रात बस की चपेट में आने से होमगार्ड की मौत हो गई। मंगलवार को रामगया घाट पर शव का अंतिम संस्कार हुआ। जहां विभाग के होमगार्ड जवानाें ने शव को सलामी दी।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी विमल शंकर (50) विंध्याचल थाने पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी सोमवार की रात घमहापुर स्थित मानक समय केंद्र के पास लगी थी। ड्यूटी के दौरान वह बड़े बगीचा गांव के तिराहे के पास चक्रमण करते जा रहे थे कि प्रयागराज की ओर से आ रही बस की चपेट में आ गए। हादसे में होमगार्ड विमला शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे विंध्याचल थाना प्रभारी दयाशंकर ओझा ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल से बस चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। होमगार्ड को एक पुत्र और छह पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र राहुल शर्मा व चार पुत्रियों का विवाह हो गया है। दो पुत्रियां पढ़ाई कर रही हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर काफी संख्या में होमगार्ड मौजूद रहे। शाम को विंध्याचल के रामगया घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान पहुंचे होमगार्ड कमांडेंट बीके सिंह ने होमगार्ड जवानों के साथ श्रद्धांजलि दी।
थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि मृतक होमगार्ड के पुत्र राहुल शर्मा की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसी कैमरे से अज्ञात वाहन की खोज की जा रही है।
घटना स्थाल के पास है अंधेरा
विंध्याचल। बड़े बगीचा गांव के तिराहे पर हाई मास्क नहीं लगा हैं। जिसके कारण तिराहे पर अंधेरा रहता है। जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। जब भी वीआईपी आते है तो विंध्याचल से आवागमन इसी रास्ते से होता है। ग्रामीणों ने हाई मास्क लगाने की मांग की है।