कछवां नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में होली का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। लोग रंगों से सराबोर नजर आए। युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर होली खेली और रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल उड़ाते हुए नाचते-गाते रहे। ढोल-नगाड़ों और होली गीतों की धुन पर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा। बच्चों में भी होली को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बच्चे रंग-बिरंगी पिचकारी लेकर एक-दूसरे पर रंग डालते हुए अठखेलियां करते नजर आए। दोपहर बाद लोग नए परिधान पहनकर मित्रों और रिश्तेदारों के घर पहुंचे तथा होली की बधाई देते हुए मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। अदलहाट क्षेत्र में भी होली पर जगह-जगह ढोल, मृदंग और झांझ की थाप पर होली गीतों की धूम रही। सुबह से दोपहर दो बजे तक लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते और उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इसके बाद बच्चे, युवा और महिलाएं नए परिधानों में सज-धजकर एक-दूसरे के घर पहुंचे, अबीर-गुलाल लगाकर बड़ों का आशीर्वाद लिया। वहीं राजगढ़ क्षेत्र में भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। राजगढ़ पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान गरीब बस्तियों में पहुंचकर लोगों के बीच गुझिया वितरित की और उनके साथ होली की खुशियां साझा कीं।