मिर्जापुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शनिवार को मड़िहान के देवरी कला में विंध्य विश्वविद्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। भूमि की उपलब्धता पर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा का हब बनेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में मंडल स्तर पर विश्वविद्यालय खोलने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल व कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल का आग्रह था कि इसी स्थान पर विश्वविद्यालय बनवाया जाय, क्योंकि यह स्थान मंडल के तीनों जिलों को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रधानमंत्री, गृहमंत्री अथवा मुख्यमंत्री करेंगे। उसके बाद उसका निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उच्च शिक्षा मंत्री को भूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कई जगह जमीन देखने के बाद देवरी कला की भूमि को अंतिम स्वीकृति दी गई है।