हलिया। उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला चिकित्सक सहित एएनएम, कुछ आशा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक स्टाफ नर्स को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। स्वास्थ्य कर्मियों के धरने पर बैठने से केंद्र पर कोविड वैक्सीनेशन सहित ओपीडी सहित अन्य सुविधाएं प्रभावित रहीं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.अभिषेक जायसवाल ने स्वास्थ्य कर्मियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन स्वास्थ्य कर्मी अपने मांगो को लेकर धरने पर डटे रहे। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों के धरने प्रदर्शन के संबंध में सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को सूचना दी। सीएमओ ने तत्काल स्टाफ नर्स को जिला मुख्यालय पर बुलाया, लेकिन वह मुख्यालय पर नहीं गईं। चार घंटे बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी ने लिखित आश्वासन दिया कि स्टाफ नर्स के स्थानांतरण की कार्रवाई की जा रही है। तब जाकर धरना समाप्त हुआ।