अपर निदेशक स्वास्थ्य, विंध्याचल मंडल और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रतेह चौराहा, देवरी उत्तर गांव में संचालित एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं निजी अस्पताल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में डॉ. आर.एन. सिंह और डॉ. विनीत की टीम ने कार्रवाई करते हुए एबी यादव के क्लीनिक को सील किया। जांच के दौरान संचालक पंजीकरण समेत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर नोटिस भी जारी किया गया। यह कार्रवाई बबुरा कलां निवासी दिनेश सिंह की शिकायत पर की गई। उनका आरोप है कि फरवरी में कथित झोलाछाप के इलाज और गलत दवा देने से उनकी बेटी की हालत गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उसे बीएचयू, वाराणसी में भर्ती कराना पड़ा। डिप्टी सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि एडी हेल्थ और सीएमओ के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को सील किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की।