ड्रमंडगंज। राम रहीम क्रिकेट क्लब की ओर से शनिवार को ड्रमंडगंज में आरंभ हुए अंतर्राज्यीय कैनवस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को मध्यप्रदेश मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने फीता काटकर उद्घाटन कर मैच का शुभारंभ किया।
उद्घाटन मैच मध्य प्रदेश के हनुमना व स्थानीय क्षेत्र के बंजारी कलां की टीम द्वारा खेला गया। उद्घाटन मैच में हनुमना की टीम ने बंजारी कलां को दस रनों से हराकर जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। वहीं खिलाड़ी आगे चलकर देश का नाम रोशन करते हैं। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर क्रिकेट प्रतियोगिता के संयोजक ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष हलिया शिव बाबू सेठ, ग्राम प्रधान देवहट कौशलेंद्र गुप्ता, मार्तंड सिंह, पंकज सोनी, अनिल केशरी, सुशील पटेल, दिलशाद अंसारी, राम लाल सरोज, ओंकार केसरी, सोनू सिंह आदि मौजूद रहे।