हलिया। विकास खंड क्षेत्र के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सोमवार को ध्वनिमत से पास किया गया। ब्लाॅक सभागार में क्षेत्र पंचायत की हुई बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, पेयजल, स्वच्छता के अलावा पंचम राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से कार्य कराने पर भी चर्चा की गई। साथ ही सदस्यों से उनके क्षेत्रों में कार्य कराने के लिए प्रस्ताव भी मांगे गए।
ब्लाॅक प्रमुख श्री देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में खंड विकास अधिकारी डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने पिछली कार्यवाही की जानकारी दी। बीडीओ ने बताया कि वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन योजना के लाभ से जो पात्र लोग वंचित हैं,उन्हें योजना का भी लाभ दिया जाएगा। एससी-एसटी आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मनीराम कोल ने कहा कि हलिया विकास खंड प्रदेश का पिछड़ा ब्लॉक है। यहां पेंशनरों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जानकारी दिलाने की मांग की। सांसद प्रतिनिधि धनंजय पांडेय ने कहा कि क्षेत्र पंचायत दो ग्राम पंचायतों को जोड़ने की कड़ी है। उधर, बैठक में विद्युत निगम, जल जीवन मिशन एवं वन विभाग के अधिकारी नहीं आए। इस पर निंदा प्रस्ताव लाने की बात कही गई। बैठक में सीडीपीओ विकास शुक्ला, डॉ. अभिषेक जायसवाल, जॉइंट बीडीओ श्रीराम, समाज कल्याण अधिकारी रणजीत, खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद यादव आदि मौजूद रहे।