विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा गांव में बुधवार की देर शाम बिजली के बोर्ड में तार लगाते समय करंट लगने से किशोरी की मौत हो गई। क्षेत्र निवासी रविशंकर यादव की पुत्री मनीषा (14) बुधवार की देर शाम बोर्ड में पंखे का तार लगाने गई। इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गई। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई रेफर कर दिया। यहां चिकित्सक ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया। मनीषा चार बहन और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी।