ड्रमंडगंज। लालगंज थाने के अमिरती गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में शनिवार को सुबह सर्प दंश से बालिका अचेत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अतरैला राजा ग्राम पंचायत के अमिरती गांव निवासी शेषमणि की सात वर्षीय पुत्री अर्चना शनिवार को धोपापुर स्थित प्राइमरी स्कूल में पढ़ने गई थी। परिजनों के मुताबिक करीब दिन में करीब साढ़े 11 बजे स्कूल परिसर में खेलते समय दीवार के पास बैठे एक जहरीले सांप ने अर्चना को डस लिया। सांप के डसते ही अर्चना रोते हुए स्कूल के शिक्षकों के पास पहुंची। उसके बाद जानकारी होने पर परिजन स्कूल पहुंच गए। परिजन बालिका को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। अर्चना कक्षा दो में पढ़ती थी। चौकी प्रभारी बरौधा धर्मनारायण भार्गव ने बताया कि परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।