मिर्जापुर। नगर के फतहां घाट व भोगांव घाट के दिन बहुरेंगे। नमामि गंगे परियोजना के तहत इसके नवनिर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। शुक्रवार को डीएम सुशील कुमार पटेल ने नमामि गंगे के अधिकारियों को बुलाकर इसके लिए निर्देश दिया। शुक्रवार को डीएम जब अपने आवास से आ रहे थे तो उनकी नजर एसपी आवास के सामने स्थित फतहां घाट पर पड़ी। वे वहां रूक गए और नमामि गंगे के अधिकारियों को तलब किया। सुबह नमामि गंगे प्रोजेक्ट के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने घाट के सौन्दर्यीकरण की स्वीकृति प्रदान करते हुये नमामि गंगे प्रोेजेक्ट के अधिकारी तनवीर से तत्काल प्रस्ताव मांगा। प्रोजेक्ट अधिकारी ने बताया कि फतहां एवं भोगांव घाट के नवनिर्माण के लिये जिलाधिकारी द्वारा सहमति दे दे गयी है, जिसका प्रोजेक्ट बनाकर जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलते ही दोनों घाटों पर निर्माण कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने कहा कि फतहां एवं भोगांव घाट के सौन्दर्यीकरण एवं सुदृणीकरण/नवनिर्माण से जहां गंगा नदी से घाट का कटान रूकेगा वहीं स्थानीय लोगों को भी काफी फायदा होगा।