चुनार। कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली के उपलक्ष्य में नयनागढ़ महोत्सव समिति व चुनार क्लब के तत्वावधान में गंगा घाट पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाट 51000 दीपों से जगमग होंगे।
बालू घाट उत्तरामुखी गंगा तट पर नयनागढ़ महोत्सव समिति व किला घाट साहित्य संत धाम में चुनार क्लब की तरफ से देव दीपावली के आयोजन की तैयारी जोरों पर चल रही है। क्लब के सदस्य किला घाट, साहित्य संत धाम, संतोषी माता मंदिर व उसके आसपास की साफ-सफाई में जुटे हुए हैं। घाट के ऊपर खाली दीवार पर क्लब के सदस्य पेंटिंग कर राम मंदिर का चित्र बना रहे हैं। इसके साथ ही गंगा घाट पर मिट्टी को समतल कर रंगोली भी सजाई जा रही है। इस बार देव दीपावली महोत्सव के दौरान क्लब की ओर से किला घाट स्थित साहित्य संत धाम में स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देने से उद्देश्य से लोकल फार वोकल थीम के साथ ही एक दीप शहीदों के नाम लोगों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। शनिवार को क्लब के सदस्य देव दीपावली महोत्सव की तैयारी में लगे रहे। इस वर्ष नयनागढ़ महोत्सव समिति, चुनार क्लब एवं अन्य पूजा समितियों की तरफ से घाटों पर 51000 दीप जलाएं जाएगे। साथ ही गंगा आरती भी होगी। नयनागढ़ महोत्सव समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि गंगा घाट पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 26 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आयोजित गीत, संगीत प्रतियोगिता किसमें कितना है दम... में नामचीन कलाकार अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। साथ ही शालू श्रीवास्तव कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी।दूसरे दिन 27 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह आयोजित बिरहा संग्राम में काजल यादव आजमगढ़ व बृजमोहन यादव बिहार लोकगीत प्रस्तुत करेंगे। शाम को मां गंगा की प्रतिमा का नगर भ्रमण, गंगा घाट पर पूजन, दीपदान एवं आतिशबाजी का कार्यक्रम सुनिश्चित है।