निपुण भारत योजना के तहत राजगढ़ में चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण का शुक्रवार को बेसिक शिक्षाधिकारी ने गौतम प्रसाद निरीक्षण कर जायजा किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड में बनाए जाने वाले सात नये विद्यालयों के प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशानिर्देश दिया। उन्होंने बताया कि विद्यालयों के निर्माण के लिए शासन स्तर से प्रथम किस्त के रूप में 80-80 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
बेसिक शिक्षाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की तरफ से राजगढ़ विकास खंड में सात नए विद्यालय भवन बनाने का निर्देश जारी किया गया है। इसके लिए 80-80 हजार रुपये की प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है। प्रस्तावित योजना के तहत ग्राम पंचायत दरबान के इंदिरा नगर, ग्राम पंचायत बड़ागांव के राम सरोवर, बरगवां ग्राम पंचायत के गोगांव में प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह से जंगलमहल ग्राम पंचायत के घुघहा, मडफा ग्राम पंचायत के नई बस्ती तथा बिशुनपुर ग्राम पंचायत के भलमनवा पुरवा में नए प्राथमिक विद्यालय भवन बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक नए प्राथमिक विद्यालय भवन के निर्माण के लिए शासन स्तर से 11 लाख 21 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि से दो शिक्षण कक्ष, एक कार्यालय, एक किचन व शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
उधर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ब्लॉक संसाधन केंद्र में निपुण भारत योजना के तहत चल रहे शिक्षकों के चार दिवसीय प्रशिक्षण पर संतोष जताते हुए जरूरी दिशानिर्देश भी दिया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश यादव के अलावा बटेश्वर सिंह, संतोष कुमार पाठक, धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।