जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल थाना क्षेत्र के महडौरा गांव के पास बुधवार को दोपहर में परिवहन निगम की बस और कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
बांदा जनपद के कालवनगंज निवासी कार चालक प्रियांशु (25) पुत्र शिवशंकर अपनी बहन मुस्कान (18), बिट्टन (12) के साथ कार से अपनी पत्नी प्रिया सोनी (23) काे लेने ससुराल शहर कोतवाली क्षेत्र के रमईपट्टी गए थे। विदाई कराकर पत्नी को लेकर वे कार से घर बांदा जा रहे थे। रास्ते में विंध्याचल थाना क्षेत्र के महडौरा गांव के पास मिर्जापुर डिपो की लखनऊ से शक्तिनगर जाने वाली बस से आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर लगने से कार 25 फीट नीचे गड्ढे में चली गई और क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों तथा अष्टभुजा चौकी प्रभारी ने घायलों को कार से निकालकर विंध्याचल सीएचसी भेजवाया। जहां घायलों का उपचार कराया गया। घटना की जानकारी होते ही रोडवेज की एआरएम कल्पना श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटना की जानकारी ली।विंध्याचल थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि हादसे में कार सवार तीन महिलाएं और एक पुरुष घायल हुए हैं। बस और कार को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।