राजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती पेट दर्द उल्टी के मरीज।- सोशल मीडिया।
राजगढ़। क्षेत्र में बढ़ी उमस और गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ में पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर चार मरीज भर्ती हुए हैं। चिकित्सकों ने लोगों से बासी और गरिष्ठ भोजन से परहेज करने तथा स्वच्छ एवं हल्का भोजन करने की अपील की है। धंसारिया गांव निवासी साधना (16) रात में भोजन करने के बाद सो गई थी। देर रात 11 बजे तेज पेट दर्द और उल्टी शुरू हो गई। परिजन एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी राजगढ़ लेकर पहुंचे। वहीं, दरबान गांव की पूनम (30) को भी रात में अचानक पेट दर्द होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। भवानीपुर निवासी रेखा (31) और रमेश (45) को भी पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सीएचसी राजगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतलाल ने बताया कि उमस और गर्मी के मौसम में बासी या गरिष्ठ भोजन करने से पेट संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।