मिर्जापुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण तथा दस्तक अभियान के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें सीडीओ विशाल कुमार ने काम में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर चार प्रभारी चिकित्साधिकारियों को फटकार लगाई।
सीडीओ ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी का समय सारणी के अनुसार निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी नगर पालिकाओं तथा ग्राम पंचायतों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तथा बीमारियों से बचाव के लिए विशेष जन जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। उन्होंने बीएसए तथा डीआईओएस को बच्चों के माध्यम से अभिभावकों को भी संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करने को कहा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मच्छरों से बचाव के लिए घरों तथा आस-पास पानी न रुकने दें। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को उन्होंने खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिला मलेरिया अधिकारी को 11 जुलाई से चलने वाले दस्तक अभियान के दौरान आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचकर परिवार के हर सदस्य की आईडी बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत राज विभाग के अधिकारियों से हाई रिस्क वाले क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराने तथा फागिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। सभी बीडीओ को उन्होंने कार्ययोजना बनाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार काम कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की हिदायत दी।