मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुबह अंतरराज्यीय बाइक चोरी गैंग के चार अरोपियों को राजपुर गड़बड़ा धाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की सात बाइक बरामद की गई है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि देहात कोतवाली के अपराध निरीक्षक डीपी यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि राजपुर गड़बड़ा धाम के पास कुछ लाग चोरी की बाइक की खरीद व बिक्री की बात कर रहे हैं। सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में देहात कोतवाली पुलिस और स्वाॅट टीम ने दबिश देकर चार बाइक के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन अन्य बाइक भी बरामद किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों आकाश त्रिपाठी निवासी दुबारकला थाना लालगंज, धनंजय पटेल निवासी बरकछ थाना लालगंज, आशीष पटेल निवासी गड़बड़ थाना लालगंज, रोहित पटेल निवासी मैना गोसांई थाला लालगंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों का एक संगठित गैंग है, जो बाइक चोरी कर बिक्री करने का काम करता है। आकाश त्रिपाठी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मिर्जापुर, जौनपुर, प्रयागराज, भदोही व मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में बाइक चोरी करता है। चोरी के बाइक का नंबर प्लेट बदलकर धनंजय, रोहित व आशीष के माध्यम से ग्राहकों को कम दाम पर बेच देते हैं। इससे प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं। बरामद की गई चार बाइक मध्य प्रदेश के हनुमाना थाना मुरैठा, एक प्रयागराज के मांडा, एक भदोही के गोपीगंज व एक मिर्जापुर के कोतवाली शहर से चोरी हुई थी। जिसका मुकदमा दर्ज है।