नरायनपुर/मिर्जापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर स्थित निष्काम सेवा आश्रम में बृहस्पतिवार की रात साध्वी का संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे में शव मिलने के बाद शुक्रवार की रात पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ कमरे की तलाशी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए शनिवार को वाराणसी शिवपुर फोेरेंसिक लैब भेज दिया गया। शनिवार की शाम परिजन भी मिर्जापुर पहुंचे।
निष्काम सेवा आश्रम में रह रही भूज्योति उर्फ भूमिका देवी 25 दिन से लापता थीं। कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन महाराष्ट्र में रहते हैं। शनिवार की शाम उनके भाई और पुत्र पहुंचे। शव मिलने के बाद कमरा बंद था। शुक्रवार की रात एएसपी नक्सल ओपी सिंह, सीओ चुनार उमाशंकर और थानाध्यक्ष अदलहाट विजय चौरसिया ने फोरेंसिक टीम के साथ कमरे की तलाशी ली, परंतु कमरे से पुलिस को कुछ विशेष सबूत हाथ नहीं लगा। कमरा बाहर से बंद होने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं शव के सड़-गल जाने के कारण पोस्टमार्टम वाराणसी के शिवपुर स्थित लैब में होगा। इसके लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने वाराणसी के सीएमओ व पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। इससे पता चल सकेगा कि मौत कब और कैसे हुई। इस मामले में आश्रम की जमीन के विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने बताया शव का पोस्टमार्टम वाराणसी में होगा। परिजन भी आ गए हैं। कमरे की जांच की गई है। कुछ विशेष नहीं मिला है।