जमालपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत घरवाह में सोमवार देर रात शादी समारोह में शराब पीने के बाद डीजे पर गाना बजाने के लिए घराती और बराती में झगड़ा हो गया। यह देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। डीजे संचालक श्रीराम की हालत गंभीर है। इसे प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के घरवाह निवासी रमेश बियार की बेटी की शादी जमालपुर के के डुही खुर्द निवासी श्याम बियार के यहां तय हुई। समय से बरात पहुंची। द्वारपूजा की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान रात दो बजे डीजे पर गाना बजाने के लिए कहासुनी हो गई। घराती के तरफ से घरवाह गांव निवासी जीवा, बबलू, झूना बियार व बराती के तरफ से डुही खुर्द निवासी सियाराम, अमित घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ अराजक तत्व बिना निमंत्रण के पहुंच गए थे। नशे में मारपीट करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।