हलिया। थाना क्षेत्र के हलिया-लालगंज मार्ग स्थित मवई कलां गांव में शुक्रवार शाम को दो बाइकों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी कलां गांव निवासी गोविंद (30), रन्नो देवी (32) पत्नी लवलेश एवं लाल (20) लालगंज थाना क्षेत्र के पचोखर गांव अपनी रिश्तेदारी में गए थे। शाम को घर वापस लौटते समय जैसे ही मवई कला इंदिरा वाटिका चौराहा पर पहुंचे तो आगे चल रहे बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बाइक सवार विश्वनाथ (40) और उनकी पत्नी उर्मिला (38) निवासी कोटार और पहली बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रन्नो देवी को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।