मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर फुलवरिया निवासी मो. रियाज ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर सिक्योरिटी मनी वापस न करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। बताया कि 11 मार्च को वाहन की निलामी के लिए सिक्योरिटी मनी कंपनी में जमा की, पर मैनेजर ने उसे बोली में भाग लेने नहीं दिया। इस पर अपनी सिक्योरिटी मनी वापस मांगने पर कार्यालय का चक्कर लगवाते रहे। 20 मार्च को दोपहर कार्यालय पर पहुंच कर सिक्योरिटी मनी वापस मांगी तो मैनेजर ने धमकी दी और 112 पर फोन कर झूठी सूचना दी। कंपनी वाले रुपये हड़पना चाहते हैं।