राजगढ़। पडरवा गांव में जमीन संबंधी पुराने विवाद में बुधवार की सुबह दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट की इस घटना में एक किशोरी समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी राजगढ़ ले जाया गया।
पडरवा गांव निवासी 54 वर्षीय बेचन ने बताया कि पड़ोसी से उनका लंबे समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। बुधवार की सुबह खेत की जोताई करने गया था। उसी दौरान विपक्षियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट की इस घटना में 54 वर्षीय बेचन, 48 वर्षीय पप्पू देवी, 50 वर्षीय तौलन तथा 15 वर्षीय नीलम घायल हो गईं। सभी को सीएचसी राजगढ़ ले जाया गया। राजगढ़ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जमीन संबंधी पुराने विवाद में दो पक्षों में मारपीट होने की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।