कछवां (मिर्जापुर)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। महिलाएं भी देश के लिए बढ़-चढ़कर कुश्ती प्रतियोगिता और अन्य खेलों में भाग ले रही हैं। महिला पहलवान मेहनत से कुश्ती लड़कर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर गोल्डन गर्ल बनकर देश का नाम रोशन करें।
राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य बुधवार की शाम कछवां नगर पंचायत क्षेत्र स्थित सत्यनारायण सिंह खेल विकास संस्थान परिसर में मंगला राय स्मारक कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के दौरान आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्यनारायण सिंह खेल विकास संस्थान को जल्दी ही सरकारी मान्यता दे दी जाएगी। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने का काम किया जाएगा। इसके लिए जो भी नियम संगत काम होगा, किया जाएगा। साथ ही कोच और संसाधनों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस खोजने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेडलिस्ट को सरकारी नौकरी और पुरस्कार राशि भी मिलेगी। सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी। इससे पहले जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। संस्थान के संरक्षक रामनारायण सिंह ने राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य और खेल राज्य मंत्री गिरिश चंद यादव को बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो.अनंत कुमार त्यागी, धर्मेंद्र कुमार सिंह, भानु प्रताप आदि मौजूद रहे।
..............................................................
पुरुष वर्ग में जोंटी और महिला में दिव्या काकरान बनीं गोल्ड कप विजेता
कछवां। सत्यनारायण सिंह खेल संस्थान में आयोजित मंगला राय स्मारक राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला गया। पुरुष वर्ग में मंगला राय गोल्ड कप उत्तर रेलवे के जोंटी और महिला वर्ग में दिव्या काकरान को दिया गया।
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के फाइनल में उत्तर रेलवे के जोंटी और गाजीपुर के मुलायम यादव के बीच कुश्ती हुई। जिसमें जोंटी ने आठ अंक और मुलायम छह अंक हासिल किया। दोनों पहलवानों में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। 30 सेकंड का रेस्ट होने के बाद दोनों पहलवानों ने जब कुश्ती लड़ना प्रारंभ किया तो दर्शकों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। अंतिम समय में जोंटी ने दो अंक हासिल कर मंगला राय गोल्ड कप अपने नाम कर लिया।
महिला वर्ग में उत्तर रेलवे की दिव्या काकरान और हरियाणा की काजल के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। जिसमें पहले तो दिव्या तीन अंक प्राप्त कर समय बिताने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन हरियाणा की काजल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए फितले दांव लगाकर छह अंक हासिल कर लिया। इसके बाद 30 सेकंड के रेस्ट के बाद दोनों के बीच फिर जबरदस्त कुश्ती लोगों को देखने को मिली। दिव्या काकरान ने फितरे दांव से चार अंक हासिल कर काजल को परास्त कर दिया। इसके साथ ही दिव्या काकरान मंगला राय गोल्ड कप की विजेता बनी गईं।
भारत रजत कप के लिए पुरुष वर्ग में दिल्ली के विशाल और हरियाणा के विकास के बीच कुश्ती हुई। जिसमें विशाल ने ढाक दांव मारकर विकास को चित कर दिया। विशाल भारत रजत कप के पुरुष वर्ग में विजेता बने। इसी तरह भारत रजत कप के लिए महिला वर्ग में दिल्ली की सिमरन और गाजीपुर की फ्रीडम यादव के बीच कुश्ती हुई। जिसमें सिमरन ने फ्रीडम से अंतिम समय में एक अंक ज्यादा प्राप्त कर भारत रजत कप अपने नाम कर लिया।
50 किलो भार वर्ग में गाजीपुर के मिथिलेश और हरियाणा के राहुल के बीच कुश्ती हुई। जिसमें मिथिलेश ने अंकों के आधार पर विजय हासिल की। इसी तरह से 57 किलो भार वर्ग में वाराणसी के विशेष यादव ने काला जंग दांव मारकर गोरखपुर के आदित्य यादव को हराया। 61 किलो भार वर्ग में विशाल साहनी ने धर्मवीर हरियाणा को हराया। 65 किलो भार वर्ग में यूपी पुलिस के शुभम ने वाराणसी के मनोहर यादव को हराया। महिलाओं वर्ग में गाजीपुर की प्रतिमा यादव ने हरियाणा की जन्नत को हराया। इस दौरान शशि सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, रमाशंकर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, संजय सिंह, लक्ष्मीकांत गुप्ता, शिवशंकर चौबे आदि मौजूद रहे। संवाद