पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के करौंदा गांव में मंगलवार सुबह खेत में हल चलाते समय सर्प के डंसने से पिता-पुत्र अचेत हो गए। खेत में सांप के कई बच्चे भी दिखाई दिए। परिजन उपचार के लिए अस्पताल न ले जाकर पटेहरा में झाड़-फूंक के लिए ले गए। गांव निवासी हरिश्चंद्र (52) खेत में हल जोत रहे थे। तभी उनका पुत्र नीरज (15) भी खेत में पहुंचा। उसने पिता को बताया कि पैर में कुछ काट लिया है। तभी अचानक हरिश्चंद्र के पैर में भी कुछ काट लिया। हरिश्चन्द्र ने पैरों तले देखा तो लगभग तीन दर्जन सांप के बच्चे थे। उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बजाए पटेहरा ले जाकर जड़ी-बूटी पिलाया।