मिर्जापुर। जिले में 15 मार्च से गेहूं की खरीद की जाएगी। इसके लिए 2916 किसानों ने आनलाइन पंजीकरण कराया है। विभाग का कहना है कि जिन किसानों ने क्रय केंद्रों पर धान बेचा है, उनको गेहूं की खरीद में वरीयता दी जाएगी। जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरु की गई थी। अब तक 91 क्रय केंद्रों पर 22367 किसानों से 132973. 48 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। धान की खरीद 29 फरवरी तक की जाएगी। जिले में 32904 किसानों ने पंजीकरण कराया था जिसमें से 29536 किसानों का पंजीकरण सत्यापित भी हो चुका है। जिला खाद व विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि क्रमिक खरीद, धान प्रेषण , सीएमआर व लंबित भुगतान की दृष्टि से जो सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले हैं। उनमें 30 केंद्रों का नाम है। इसमें पीसीएफ के ही आठ केंद्र शामिल हैं। पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक रामजी कुशवाहा ने बताया कि अवशेष धान भेजा जा रहा है। एजेंसियों की स्थिति इसमें ठीक नहीं है। एक से अधिक श्रेणी में खराब प्रदर्शन वाले में भी पीसीएफ के आठ केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त यूपीएसएस व पीसीयू के भी कई केंद्र शामिल हैं।