क्षेत्र के किसान जहां धान बेचने को लेकर परेशान हैं, तो दूसरी ओर धान क्रय केंद्र पर खरीदे गए धान का भुगतान नहीं होने से किसान बैंक का चक्कर काट रहे हैं। लालगंज राजकीय धान क्रय केंद्र पर माह भर पूर्व बेचे गए किसानों का भुगतान नहीं हो पाया है। इससे किसानों को रबी की खेती करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। खाते में पैसा नहीं आने से किसानों को बैंकों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। वे बैंक मैनेजर से पूछ रहे हैं कि साहब मेरे खाते में पैसा आया है कि नहीं। किसानों के प्रश्न पूछने पर बैंक प्रबंधक टका सा जवाब देते हैं कि अभी पैसा नहीं आया है। इसके बाद किसान विपणन अधिकारी से मिलकर के पूछते हैं कि अभी भुगतान क्यों नहीं आया है। इस तरह बैंक और क्रय केंद्र दोनों पर किसानों का नियमित चक्कर लगा हुआ है। किसान राजेंद्र प्रसाद सोमवारी ने बताया कि एक माह से अधिक धान क्रय केंद्र पर भेज चुके हैं लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया है।