देवरी कला में नीलम फूड प्रोडक्ट कंपनी का उद्घाटन करती केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल।-संवा
भावां। सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को मड़िहान तहसील क्षेत्र के देवरी कला गांव में 2.50 करोड़ रुपसे बनी फूड प्रोडक्ट कंपनी का उद्घाटन किया। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सहयोग से बने प्लांट की केंद्रीय राज्यमंत्री ने सराहना की। कहा मिर्जापुर, सोनभद्र दो ऐसे जिले हैं जहां टमाटर, मिर्च की खेती बहुतायत मात्रा में होती है। इनका समुचित मूल्य किसानों को नहीं मिल पा रहा था। उक्त प्लांट में कई-कई दिनों तक उपज न सिर्फ सुरक्षित रहेंगे बल्कि मूल्य बढ़ने पर उसे बेचकर किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कंपनी की स्थापना के लिए खाद्य प्रसंस्करण विभाग से लगभग एक करोड़ रुपये तक का अनुदान भी दिया गया है। प्लांट में लगी मशीनों से दस क्विंटल प्रति घंटे और वर्ष में 30 हजार मीट्रिक टन की खपत होनी है। टमाटर, प्याज, मिर्च, अदरक, लहसुन की पर्याप्त मात्रा में उपयोग कर टमाटर सॉस, चिली, सॉस, बेनेगर, लहसुन, अदरक पेस्ट, कांटिनेंटल की पैकेजिंग कर बाजारों में बिक्री के लिए उतारा जाएगा। प्रबंधक जगदीश पटेल ने बताया कि नीलम फूड प्रोडक्ट को चलाने के लिए क्षेत्रीय किसानों की पैदावार बढ़ाने व टमाटर, अदरक, गाजर, मिर्च की अपने यहां उचित कीमत पर खरीद कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख गजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा क्षेत्र में प्लांट खुलने से सीधे तौर पर क्षेत्रीय किसानों को फायदा होगा। उद्यान निदेशक डॉ बीपी राम ने बताया कि महिला लाभार्थी को सोलर पैनल पर छूट प्रदान की जा रही है। जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम ने उक्त यूनिट की स्थापना से अपनी उपज को लेकर किसानों को कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, उप जिलाधिकारी अनेग सिंह, राहुल मिश्रा, संजय सिंह, संतोष सिंह राज कपूर सिंह, संतोष कुशवाहा, दुखरन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।