गैपुरा-जोपा मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों ने मुआवजा दिलाने के लिए सोमवार को कार्यस्थल पर प्रदर्शन किया। किसानों ने अविलंब मुआवजा नहीं मिलने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
गैपुरा रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के निर्माण के लिए कलना गहरवार के 14 किसानों की भूमि अधिगृहीत की गई है। करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद अधिग्रहण से प्रभावित किसानों का मुआवजा अब तक नहीं दिया गया है। किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर 30 सितंबर तक मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उधर, सेतु निगम के सहायक अभियंता विजय कुमार तिवारी का कहना है कि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही संबंधित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में ठाकुर प्रसाद, जय देवी, भगवान दास आदि शामिल रहे।