जिगना। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को सुबह धान के खेत के पास घास निकालते समय सर्पदंश से वृद्ध किसान की मौत हो गई। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जिगना थाना क्षेत्र के बहुतीमय चकचौरा गांव निवासी झल्लर बिंद (70) बुधवार को सुबह धान की सिंचाई कार्य देखने गए थे। मेड़ पर बैठकर घास उखाड़ने लगे। उसी दौरान विषैले सर्प ने डस लिया। डसने के बाद झल्लर हाथ में सांप को काफी देर तक पकड़े रहे। परिजनों व ग्रामीणों ने सांप को पकड़ कर ढंक दिया। इसके बाद परिजन झल्लर बिंद को लेकर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई।पुत्र रामसिंगार की सूचना पर पहुंची जिगना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जिगना अरविंद कुमार ने बताया कि सर्पदंश से वृद्ध की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।