पटेहरा/लालगंज। लालगंज के कोलकम गांव के पास सड़क किनारे युवक का शव मिलने के मामले में परिजनाें द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद शव को उल्टा लटकाने का फोटो वायरल हो रहा है।
लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव के पास बृहस्पतिवार को देर रात सड़क किनारे युवक का शव मिला था। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक की पहचान रामपुर अतरी गांव निवासी रोहित शर्मा (25) पुत्र राजेंद्र शर्मा के रूप में की थी। पिता राजेंद्र शर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका पुत्र रोहित शर्मा ने पड़ोस की ही एक शादीशुदा युवती से चार माह पहले शादी कर ली थी। लड़की पक्ष के लोग लगातार विरोध कर रहे थे। शव मिलने के तीन दिन पहले पुत्र उसे मायके छोड़कर आया था। बृहस्पतिवार को उसका आधार कार्ड देने निकला था। इस बीच सड़क पर शव मिला। युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस जांच कर रही थी, इस बीच शनिवार की सुबह युवक के गांव के एक युवक को फेसबुक पर एक फोटो मिला। जिसमें खून से लथपथ रोहित शर्मा को उल्टा लटकाने और सड़क किनारे फेंके जाने का फोटो वायरल है। फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने थाने पहुंच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि फोटो मिली है। वायरल फोटो की जांच की जा रही है। सीओ अमर बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व वायरल फोटो की हर एंगल से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।