विंध्याचल। थाना क्षेत्र के कंतित गांव स्थित ख्वाजा इस्माइल चिश्ती की दरगाह पर बृहस्पतिवार को शाम को चादरपोशी करने आए परिवार के लोग दुकान पर बैठकर नाश्ता कर रहे थे। उस दौरान दुकानदार ने उठने को कहा तो विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में कई लोग घायल हो गए।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के घोसिया बाजार से सारहीन अपने पुत्र और पौत्र के साथ हजरत ख्वाजा इस्माइल चिश्ती की दरगाह पर इबादत तथा चादरपोशी करने के लिए हुए थे। परिवार के सभी लोग इबादत और चादरपोशी के बाद कंतित मजार के पूर्व तरफ सजी दुकान पर नाश्ता करने के लिए रुके। सभी लोग दुकान पर नाश्ता करने के बाद दुकान पर ही बैठे रहे। इस पर दुकानदार हैदर शाह ने कहा कि आप लोग अगर नाश्ता पानी कर लिए हों तो कुर्सी छोड़ दीजिए। अन्य लोगों को बैठने दीजिए। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट मारपीट में हो गई। मारपीट की इस घटना में शाहरूख (18), आहान (13), जावेद अहमद (35), गरीब नवाज उर्फ राजा (29), फराहन (9), सारहीन (50) निवासी घोसिया थाना औराई जनपद भदोही समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को सीएचसी भेजवाया। सारहीन अहमद ने दुकानदार तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विंध्याचल थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।