मड़िहान। एसडीएम के आदेश के बाद भी किसान को जमीन नहीं मिलने पर शुक्रवार को सरदार सेना के बैनर तले किसान अरविंद सिंह पटेल ने तहसील में आमरण अनशन शुरू किया है। नायब तहसीलदार के लिखित आश्वासन पर किसान ने अनशन समाप्त कर दिया है। किसान ने बताया कि राजगढ़ के नदिहार में उनकी जमीन है। ग्राम प्रधान ने सरकारी धन से उनकी जमीन पर चकमार्ग निर्माण करा दिया। एसडीएम न्यायालय से पीड़ित किसान को जमीन के बदले ग्राम सभा की जमीन देने का आदेश हुआ है। आरोप है कि प्रधान जमीन पर कब्जा नहीं लेने दे रहे हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई। सिर्फ आश्वासन देकर उनको वापस भेज दिया जाता है। नायब तहसीलदार मड़िहान राहुल मिश्रा ने बताया कि इसके लिए समय निर्धारित किया गया है। आठ अगस्त को मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।