मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं अब समाप्ति की ओर हैं। महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षाएं हो चुकी हैं। इसके साथ ही अब बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी भी तेज कर दी गई है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च शुरू होगा। मूल्यांकन का काम 29 मार्च तक चलेगा।
मूल्यांकन के लिए जिले के तीन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इसमें हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्र राजस्थान इंटर काॅलेज को बनाया गया है, जबकि राजकीय इंटर काॅलेज तथा बीएलजे इंटर काॅलेज को इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन कार्य में 1200 से 1500 परीक्षक लगाए जा सकते हैं। यह संख्या बोर्ड की ओर से भेजी जाने वाली उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या पर निर्भर होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने बताया कि अभी परीक्षा चल रही है। मूल्यांकन के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।