मिर्जापुर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के विशेष प्रयास से जनपद वासियों को गंगा नदी पर 1702 करोड़ की लागत से छह लेन पुल की बड़ी सौगात मिली है।
गंगा नदी पर विंध्य धाम के पास उच्च क्षमता वाले पुल के साथ-साथ मिर्जापुर बाईपास मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्तावित परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 29 फरवरी को इस मेगा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। परियोजना की स्वीकृति पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। केंद्रीय मंत्री ने इस मेगा परियोजना की वित्तीय स्वीकृति के लिए 21 फरवरी को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अनुरोध किया था। उन्होंने मुलाकात भी की थी। इससे पूर्व सांसद अनुप्रिया ने इस बाबत 20 जनवरी को नितिन गडकरी और बीते 24 सितंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर गंगा नदी पर विंध्य धाम के आसपास एक नए छह लेन के उच्च क्षमता वाले पुल के साथ-साथ बाईपास मार्ग के निर्माण के लिए पत्र भेजकर अनुरोध किया था।