मिर्जापुर। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत जिले के सभी विकास खंडों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आठ से 31 जनवरी के बीच अलग-अलग दिन रोजगार मेला लगेगा। ग्रामीण क्षेत्र के करीब 2500 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। राजकीय आईटीआई मिर्जापुर को नोडल केंद्र बनाया गया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य व जिला समन्वयक अशोक कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर कैंपस सेलेक्शन के माध्यम से रोजगार मुहैया कराना है। दीनदयाल उपाध्याय कौशल्य योजना के इसके तहत युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। योजना के तहत जिले के सभी 12 ब्लाकों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी बायोडाटा के साथ अपने सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र और पहचान पत्र लेकर संबंधित ब्लाॅक में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेला का आयोजन सिटी ब्लाक में राजकीय आईटीआई बथुआ में आठ जनवरी को होगा। राजकीय आईटीआई छानबे में नौ जनवरी को और लालगंज के श्रीमती इंदिरा गांधी पीजी कालेज में 11 जनवरी को रोजगार मेला लगेगा। हलिया के पंचशील डिग्री कालेज में 12 जनवरी को तथा पटेहरा के रामखेलावन सिंह पीजीकालेज कलवारी में 16 जनवरी को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार राजगढ़ के कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 18 जनवरी और पहाड़ी के शिवलोक श्रीनेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय पडरी में 19 जनवरी को होगा। कोन में स्वामी सहजानंद पीजी काॅलेज कछवां में 23 जनवरी और सीखड़ के नरोत्तम सिंह पदम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मगरहा में 24 जनवरी को होगा। नरायनपुर के राम ललित सिंह विधि महाविद्यालय में 30 और जमालपुर के देवकली इंटर काॅलेज जमालपुर में 31 जनवरी को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।