नगर के सुरेकापुरम कालोनी में एक घर के परिसर से होकर बिजली के कई तार ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। नगर में अब घरों के ऊपर से होकर विद्युत तार दौड़ाए जा रहे हैं। विभाग को जानकारी देने के बाद भी उन तारों को नहीं हटाया जा रहा है। ऐसे में भवन स्वामी किसी बड़े हादसे की आशंका से डरे हुए हैं। नगर के सुरेकापुरम कालोनी में सुरेश पांडेय का मकान है। वह बाहर नौकरी करते हैं। अपने मकान में वह कुछ ही समय के लिए रह पाते हैं। उनका आरोप है कि जब वह जिले में नहीं थे तो विद्युत विभाग ने उनके घर से होकर कई घरों के कनेक्शन वाले तार दौड़ा दिए। जब वह अपने घर पर आए तो उन्होंने इन बिजली के तारों को देखा। इस पर उन्होने विद्युत विभाग से पहले मौखिक शिकायत की लेकिन जब उस पर ध्यान नहीं दिया गया तो उन्होंने लिखित रूप से विभाग को शिकायती पत्र लिखा। सुरेश पांडेय का कहना है कि जब उन्होंने शिकायती पत्र लिखा तो संबंधित अवर अभियंता उनके परिसर में आए और तारों को देखा भी लेकिन कहा कि विभाग इसको देखेगा और प्रयास करेगा कि यह तार हट जाय। इसके बाद वह चले गए। इससे लगा कि विभाग इस संबंध में उदासीन है। सुरेश पांडेय का आरोप है कि एक तो उनकी अनुपस्थिति में उनके परिसर में से तार गुजारे गए। दूसरे जब शिकायत की गई तो भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आशंका जतायी कि यदि उनकी अनुपस्थिति में या उनके रहते ही इन तारों से कोई दुर्घटना हो जाती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव ने कहा कि तारों को अतिशीघ्र हटवाने का प्रयास किया जाएगा।