मिर्जापुर। नगर के वासलीगंज के आसपास के मोहल्लों में शनिवार की रात करीब लगभग तीन बजे अचानक बिजली कट गई। इससे लोग परेशान हो गए। रात तीन बजे कटी बिजली रविवार को सुबह सात बजे आई। इसके बाद सुबह नौ बजे फिर कट गई। इससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। पहले से तैयारी नहीं होने के कारण लोगों को पानी के लिए काफी समस्या हुई।
विद्युत निगम की तरफ से नगर के चार उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में जर्जर तार तथा पोल बदले जा रहे हैं। इसके अलावा उपकेंद्रों की क्षमता में वृद्धि के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने थे। इसके लिए 14 और 15 अप्रैल को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बिजली की कटौती किए जाने की सूचना दी गई थी। सूचना में वासलीगंज तथा आसपास के क्षेत्रों में कटौती शामिल नहीं थी। इसलिए रात में बिजली कट जाने से लोग परेशान हो गए। बिजली कटने के कारण रविवार को सुबह होते ही लोग पानी के लिए परेशान हो गए। बिजली नहीं आने से पंप नहीं चल सके। इसके बाद जब सुबह सात बजे बिजली आई तो पानी नहीं आया और फिर जब पानी आने का समय हुआ तो बिजली फिर कट गई। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार की रात वितरण लाइन में कुछ गड़बड़ी हो गई थी। इसके चलते फाल्ट आ गया और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। उसको सुबह ठीक कराया गया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सकी।