मिर्जापुर। फतहां स्थित विद्युत निगम के मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय परिसर में बुधवार को विद्युत कर्मियों ने कार्य बहिष्कार शुरू किया। मांग की कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के साथ जो समझौता हुआ है उसको अविलंब लागू किया जाय। चेतावनी दी गई कि 16 मार्च को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने 16 मार्च से प्रस्तावित सांकेतिक हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। ताकि समझौते का क्रियान्वयन हो सके। वक्ताओं ने कहा कि समझौते के क्रियान्वयन के लिए संघर्ष समिति ने आंदोलन के ध्यानाकर्षण कार्यक्रम को जारी रखने का निर्णय लिया है।
वक्ताओं ने बताया कि 16 मार्च को रात 10 बजे से 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल शुरू होगी। चेतावनी दी कि इससे पैदा होने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए ऊर्जा प्रबंधन जिम्मेदार होगा। इस दौरान अभय सिंह, राम सिंह, विनोद चौधरी, विनीत सिंह, अनिल केसरी, राजेश कुमार गौतम, विपिन पटेल, विनोद प्रजापति व अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।