शेरवां। विद्युत उपकेंद्र घरवाह व अहरौरा से संचालित फीडरों पर मनमानी बिजली कटौती के चलते लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी दफ्तरों के काम काज पर भी असर पड़ रहा है। विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के साथ की जा रही आंख मिचौली के खेल से ग्रामीण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मनमानी तरीके से हो रही विद्युत कटौती से गर्मी में ग्रामीण बेहाल हैं। रात हो या दिन रोजना दर्जनों बार बिजली कटौती से उपभोक्ताओं व किसानों सहित गृहणियों व आनलाइन पढाई करने वाले छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली के चलते इंटरनेट सेवा बाधित हो रही है। आटा चक्कियों पर गेहूं के पिसाई के लिए बोरे जमा हैं। बिजली की आपूर्ति रोस्टर के मुताबिक नही होने से किसानों के कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र के किसान ओमकार नाथ यादव, संजय सिंह, अशोक मौर्य, अमरनाथ सिंह, सुभाष सिंह, प्रमोद तिवारी, दीपक सिंह, दया शंकर पांडेय सहित ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे छात्र आकाश दूबे, नितेश दूबे, पवन मौर्य, नेहा, वर्षा, शालिनी सिंह पटेल ने मनमानी तरीके से कटौती बंद किए जाने व रोस्टर के मुताबिक बिजली दिए जाने की मांग की है।